कविता में दरवाज़ा - कात्यायनी

Katyayaniकात्यायनी9 May 1959

4 min read · 12.4K reads

और फिर वह कठिन
अँधकारमय समय आ ही गया
कुछ लोगों को जिसकी आशंका थी
और कुछ को प्रतीक्षा ।

तब बहुसंख्यक कविताएँ ऐसी थीं
जिनमें कोई दरवाज़ा नहीं था
या अगर था , तो बन्द था।

कुछ कविताएँ थीं
जिनमें दरवाज़ों की कामना थी
या स्मृतियाँ ।
कुछ कविताएँ ऐसी भी थीं जो
कहीं किसी दरवाज़े पर बैठकर
लिखी जा रही थीं।

खोजने पर यहाँ-वहाँ कुछ ऐसी
कविताएँ भी मिल जाती थीं
जो दरवाज़ों से बाहर थीं
सड़कों पर भटकती हुई
कुछ खोजती हुई
... शायद अपनी सार्थकता
या बनने की कोशिश करती हुई
एक विकल पुकार
जो बन्द दरवाज़ों को भेदकर
सोई हुई रूहों में
हरकत पैदा कर दे।

(26 जुलाई , 2017)
Katyayani
About the poet

Katyayani कात्यायनी

कात्यायनी जन्मः 9 मई 1959; गोरखपुर। विगत पन्द्रह वर्षों के दौरान कुछ समय तक अंशकालिक पत्रकारिता और फिर स्वतन्त्र लेखन। सांस्कृतिक-राजनीतिक और नारी मोर्चे पर सक्रियता। कविताएँ हिन्दी की अधिकांश पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित। कुछ कविताएँ अंग्रेज़ी, पंजाबी और मराठ…

View profile & all 46 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like