कामरेड - कर्णसिंह चौहान

karan singh chauhanकर्णसिंह चौहान28 Feb 1948

7 min read · 12.3K reads

ये आलीशान
पाँच सितारा पार्टी दफ़्तर
ये बिना अंक पट्टों की
लंबी लंबी कारें
ये पॉश बस्तियों के
विशालकाय बंगले
ये जननायकों के बुर्ज
पहाड़ों पर
आराम के लिए सुरक्षित
सैरग़ाही भवन
समुद्र किनारे
प्रवेश निषेध की तख़्ती लगे
पी०बी०, सी० सी० के
समुद्र तट
ये ख़ास विदेशी मालों की दुकानें
यह क्या कर रहे हो कामरेड ?

ये रणभूमियाँ अभी
रक्त से लाल हैं
जहाँ कल तुम लड़े थे
रोम के विरुद्ध,
वे जंगल अभी
धधक रहे हैं
जहाँ तुमने ओटोमन साम्राज्य को
दी थी चुनौती,
ह्रस्तो बोतेव के गीत
यहाँ अभी भी गूँज रहे हैं
गूँज रही हैं
लोकगीतों की धुनें
अमानवीय कथाएँ कहती हुई ।

वाजोब की फाँसी का फंदा
वहीं झूल रहा है ।
फासिस्ट विरोध का
जननायक दिमित्रोव
सोफ़िया के चौक में
जीवित पड़ा है।

कौन नहीं जानता
तुम्हीं ने बनाए हैं ये
विराट नगर
अट्टालिकाएँ
ये सुन्दर गाँव
चौड़े राजपथ
सब तुम्हीं ने बसाए हैं।

कौन नहीं जानता
पुण्यगर्भा जननी पर
स्वाहा कर सब कुछ
जीवन और भौतिक सुख
तुम्हीं ने सजाया है
यह चमन ।

कौन नहीं जानता
तुम्हारी वह प्रतिज्ञा
त्याग और बलिदान
सन्यासी जीवन।

किस प्रेत बाधा से ग्रस्त हो
ध्वस्त कर रहे
सदियों का पुण्य
यह क्या कर रहे कामरेड?
karan singh chauhan
About the poet

karan singh chauhan कर्णसिंह चौहान

डॉ॰ कर्ण सिंह चौहान वरिष्ठ लेखक और आलोचक हैं। इनकी एक दर्जन से अधिक आलोचना-पुस्तकें, कविता-संकलन, कहानी-संग्रह, यात्रा-वृत्तांत, डायरी और अनुवाद प्रकाशित हैं। मूल रूप से दिल्ली विश्वविद्यालय में अध्यापन किया लेकिन कई वर्षों तक सोफिया विश्वविद्यालय बल्गारिया,…

View profile & all 6 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like