क़िस्मत के नहीं हिकमत के धनी दौलत के नहीं हिम्मत के धनी - कांतिमोहन सोज़

kaantimohan sozकांतिमोहन सोज़14 Jul 1936

5 min read · 12.4K reads

क़िस्मत के नहीं हिकमत के धनी दौलत के नहीं हिम्मत के धनी
परिचय इतना इतिहास यही क़ुदरत के नहीं फ़ितरत के धनी ।

परबत हो कि वीरां हर शय की तस्वीर निखारी है हमने
माशूक़ है ये धरती इसकी हर ज़ुल्फ़ सँवारी है हमने
फूलों को खिलाया काँटों को दामन से निकाला है हमने
आदम के बदन की रग-रग में फ़ौलाद को ढाला है हमने ।
ख़ुद खाद बने गुलशन के लिए
तब जाके कहीं कुछ बात बनी ।।

रातों की सियाही पर अपने लोहू से इबारत की हमने
हर एक बला इस सीने पर लेने में महारत की हमने
मिट्टी में मिले पर मिट्टी को सोने में बदल डाला हमने
ज़हराब पीया जो सदियों तक अमरित में उगल डाला हमने ।
लोहू को बनाया है गारा
तब जाके कहीं कुछ बात बनी ।।

इस बार की बात निराली है इस बार ये ठानी है हमने
सदियों में बनाई जो तुमने दीवार वो ढानी है हमने
अब अपना ज़माना आया है कुछ खेल दिखाना है हमने
धरती को उठाकर हाथों में दुलहन सा सजाना है हमने ।
मन के सच्चे धुन के पक्के
अब करके रहेंगे हम अपनी ।।

रचनाकाल : जुलाई 1979
kaantimohan soz
About the poet

kaantimohan soz कांतिमोहन सोज़

कांतिमोहन सोज़ हिंदी भाषा के एक सुप्रसिद्ध लेखक। Kantimohan Soz is a well-known writer of Hindi language.

View profile & all 147 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like