नीलकण्ठ के जोगी - कैलाश मनहर

कैलाश मनहरकैलाश मनहर2 Sept 1954

9 min read · 12.4K reads

नीलकण्ठ के जोगी, याद बहुत आते हैं,
तनन् तनन् तन, तम्बूरा बजता है अनचक !

नीलकण्ठ के जोगी, दीखे बहुत अकेले,
नीलकण्ठ के जोगी, लेकिन बहुत सुखी थे...

आँखों में पानी था, ताक़त थी, पाँवों में,
बीस कोस तक अलख जगाते थे, गाँवों में,
नीलकण्ठ के जोगी, टाट बिछौने पर भी,
दोपहरी कर लेते, कीकर की छाँवों में ।

नीलकण्ठ के जोगी, गुड़-सत्त्तू खाते थे,
सनन् सनन् सन, टहला सर से, शीतल झौंका बह आता है ।

नीलकण्ठ के जोगी, दीखे भीख माँगते --
नीलकण्ठ के जोगी, लेकिन भर्तृहरि थे....

राजौरों के ऊँचे गढ़ की गहरी घाटी,
बीहड़ जंगल में, जीवन की ऊष्मा खाँटी
नीलकण्ठ के जोगी, नाग नाथ लेते थे,
बिना बुलाए आ जाते थे, गोगा-जाँटी ।

नीलकण्ठ के जोगी, जोत अखण्ड जलाए,
जगर-मगर उजियारा रखते थे, सारा जग ।

नीलकण्ठ के जोगी, दीखे, हारे-माँदे
नीलकण्ठ के जोगी थे, पर जीवट वाले...

ईश्वर का ऐश्वर्य, उन्हें स्वीकार नहीं था,
स्वार्थ-सिद्धि से प्यार, और व्यापार नहीं था ।
नीलकण्ठ के जोगी, भरे-पूरे मानुस थे,
सहज भाव में, किंचित भी भय-भार नहीं था ।

नीलकण्ठ के जोगी थे, रूद्राक्ष काल पर
ता धिन, ता धिन नर्तन करते प्रलयंकारी ।

नीलकण्ठ के जोगी, प्यासे थे, बरसों से,
नीलकण्ठ के जोगी, लेकिन महामेघ थे ।

तेग और तिरशूल चमकती थी, हाथों में,
ज्वालामुखी धधकता था, उनकी साँसों में,
नीलकण्ठ के जोगी, महाकाल के गण थे,
पौरूष का सौन्दर्य, छलकता था, आँखों में ।

नीलकण्ठ के जोगी, दीखे आल्हा गाते,
जय हो, जय हो, जय हो, धूम मचाते रण में ।

नीलकण्ठ के जोगी, रात-बिरात हमेशा
चौकस रहते थे, आखेटक आक्रमणों से
नीलकण्ठ के जोगी, मिट्टी के पुतले थे,
नीलकण्ठ के जोगी, थे नक्षत्र गगन के...

नीलकण्ठ के जोगी, याद बहुत आते हैं,
तनन् तनन् तन, तम्बूरा, बजता है अनचक !
कैलाश मनहर
About the poet

कैलाश मनहर

View profile & all 35 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like

उसने मिट्टी को छुआ भर था - प्रताप सोमवंशीपसोपेश में हूँकि कविता चिह्नों में होती है— प्रताप सोमवंशीदर्द औरों का हम - प्रताप सोमवंशीपसोपेश में हूँकि कविता चिह्नों में होती है— प्रताप सोमवंशीमुनव्वर राना के शेरअब जुदाई के सफ़र को मिरे आसान करोतुम मुझे ख़्वाब में आ कर न परेशान करो— मुनव्वर रानाये सर-बुलंद होते ही शाने से कट गयाये सर-बुलंद होते ही शाने से कट गयामैं मोहतरम हुआ तो ज़माने से कट गया— मुनव्वर रानाकुछ नहीं चाहने वाली लड़कीसोलह की यह लड़की दो-तीन साल पहले तकपेड़-पौधों पर रखती थी पाँव— ऐश्वर्य राजप्रतिज्ञाप्रतिज्ञाएँ बहा दो पानी में लड़कीप्रतिज्ञाएँ बहाओ पानी में;— बीरेंद्र चट्टोपाध्याय