गुलाब - कैलाश मनहर

कैलाश मनहरकैलाश मनहर2 Sept 1954

9 min read · 12.4K reads

गुलाब को नहीं जानते आप
और वह भी आपको नहीं जानता
और सच्चाई तो यह है कि
मैं भी पूरी तरह नहीं जानता
गुलाब के बारे में क्योंकि
वह मौक़ा ही नहीं देता जानने का

गुलाब ढोलकिया है हमारे इलाके का नामी

वह रतजगे और जागरण में भी ढोलक बजाता है और
कव्वालों और हिजड़ों के साथ भी ढोलक बजाता है

हनुमान जी के मन्दिर में भी ढोलक बजाता है गुलाब
और पीर के चिल्ले पर भी बजाता है हर शुक्रवार

गुलाब ढाढ़ी है
गुलाब मिरासी है

पाँचों वक़्त की नमाज़ पढ़ता है गुलाब और
सुबह जागते ही
गायत्री मन्त्र बोलते हुये सूर्य को हाथ जोड़ता है

मुसलमानों से मिलते समय अस्सलाम वालेकुम बोलता है गुलाब
हिन्दुओं से मिलता है तो हाथ जोड़कर राम राम करता है

गुलाब रोज़े रखता है पूरे महिने भर तक और
पूरे महिने ही कार्तिक स्नान करता है हर वर्ष

गुलाब के बच्चे गायें चराते हैं दिनभर बस्ती वालों की
और तेरी भूरी भी चराई, तेरी काली भी चराई गाते हुए
हर महिने उगाही करने जाते हैं घर-घर जबकि
गुलाब की पत्नी ढप बजाते हुए बधावे गाने जाती है
सगाई ब्याह और जलवा माण्डले के मौकों पर यजमानों के

गुलाब ईद पर नए कपड़े पहनकर ईदगाह जाता है
दीवाली पर नए कपड़े पहनकर दीपक जलाता है गुलाब

होली पर रंग खेलता है
मुहर्रम पर मर्सिया गाता है

गुलाब हर साल अलीबख़्शी ख़याल देखने जाता है बहरोड़
और भट्ट जी का तमाशा देखने आमेर भी जाता है अक्सर

गुलाब लुँगी बाँधता है चौख़ाने वाली रेशमी
गुलाब दो लाँग की सूती धोती पहनता है

गुलाब वसन्त पँचमी के दिन सरसों के फूल लेकर आता है
इदुल फितर पर गुलाब की पँखुड़ियाँ बाँटता है घर-घर में

आप गुलाब को नहीं जानते
और वह भी आपको नहीं जानता
और मैं जो उसके बारे में इतना जानता हूँ तो भी
मुझे पता नहीं पक्के तौर पर कि
वह गुलाब खाँ है या गुलाबचन्द
अथवा गुलाब मोहम्मद है या गुलाबराम

गुलाब मुझे साँझे हिन्दुस्तान की सच्ची विरासत लगता है
कैलाश मनहर
About the poet

कैलाश मनहर

View profile & all 35 Poems / Stories