रहना यूँ ही जैसे तुम रहे सदा से - ज्योति चावला

ज्योति चावलाज्योति चावला5 Sept 1979

7 min read · 12.4K reads

मुझे याद है वो दिन
जब कहा था मैंने तुमसे
सुनो मुझे भी तुमसे प्यार है

मैं चाहूँगी तुमको वैसे ही
जैसे चाहा था हीर ने राँझे को
लैला ने मजनू को
शीरी ने फ़रहाद को
तुम्हें आकण्ठ डूब कर प्यार करूँगी मै
और तुमने मेरे उस भावात्मक उद्वेग को
ठीक बीचोबीच रोक दिया था
कहा था तुमने की नहीं चाहिए तुम्हें अपने लिए
कोई हीर, कोई लैला या कोई शीरी
कहा था तुमने हम प्यार में रहेंगे वैसे ही
जैसे रहे हैं हम सदा से
मैं सब कुछ हो कर भी रहूंगा मै ही
और तुम चाहना मुझे सिर्फ़ तुम हो कर

सच कहूँ उस दिन तुम्हारी वह बात
कुछ बुरी-सी लगी थी मुझे
कि तुम नहीं चाहोगे कभी मुझे उतनी शिद्दत से
जितनी शिद्दत से मजनू ने चाहा लैला को
फरहाद ने चाहा शीरी को और
चाहा राँझे ने अपनी हीर को
कभी नहीं पार करोगे तुम मेरे लिए कोई उफनती नदी
या कोई तूफ़ान

आज इतने बरसों बाद जब मैं देखती हूँ तुम्हारे प्यार को
यह कि मेरे बिन तुम्हारा जीवन अधूरा है तुम्हारे लिए
कि तुम्हारे बिन मेरा जीवन बे-अर्थ
तब लगता है कि अच्छा ही है
जो तुम्हारे प्यार में नहीं था कोई उद्वेग
कि तुम आज भी वहीं हो
जहाँ थे तुम कई बरसों पहले
जब मिले थे हम एक-दूजे से

मैं जानती हूँ जीवन का कोई उद्वेग, कोई हलचल
तुम्हे डिगा नहीं सकती मुझे चाहने से
तुम मुझमें और मैं तुममें उतने ही हैं
जितना बाक़ी है समुद्र में नमक
जितना बाकी है सृष्टि में जीवन
ज्योति चावला
About the poet

ज्योति चावला

View profile & all 23 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like