इस गृहस्थी में - जितेन्द्र श्रीवास्तव

जितेन्द्र श्रीवास्तवजितेन्द्र श्रीवास्तव8 Apr 1974

7 min read · 12.4K reads

देखो तो कहाँ गुम हो गई रसीद !

देखो न
तुम तो बैठी हो चुपचाप
अब हँसों नहीं खोजो
बहुत ज़रूरी है रसीदों को बचाकर रखना

हम कोई धन्ना-सेठ तो नहीं
जो ख़राब हो जाएँ हाल-फिलहाल की ख़रीदी चीज़ें
तो बिसरा दें उन्हें
ख़रीद लाएँ दूसरी-तीसरी

हमारे लिए तो हर नई चीज़
किसी न किसी सपने का सच होना है
हमारे सपनों में कई ज़रूरी-ज़रूरी चीज़ें हैं
और ख़रीदी गई चीज़ों में बसे हैं कुछ पुराने सपने

उठो, देखो न कहाँ गुम हो गई रसीद !
उसे महज एक काग़ज़ का टुकड़ा मानकर
भुलाना अच्छा नहीं होगा
वह रहेगी तभी पहचानेगा शो-रूम का मैनेजर
कुछ पुराने-धुराने हो गए कपड़ों के बावजूद
उन्हें बदलना पड़ेगा सामान

वैसे अच्छा है
तुम मुझसे ज़्यादा समझती हो यह-सब
बड़े हिसाब-किताब से चलाती हो घर
लेकिन इस समय जब मैं हूँ बहुत परेशान
तुम बैठी हो चुपचाप

उठो, देखो न कहाँ गुम गई रसीद !

अरे, यह क्या
अब तो तुम्हारे होठों पर आ गई है शोख हँसी
लगता है ज़रूर तुमने सहेज कर रखा है उसे
अपने लॉकर वाले पर्स में
चलो इसी बात पर ख़ुश होकर
मैं भी हँस लेता हूँ थोड़ा-सा

यह अच्छा है इस गृहस्थी में
जो चीज़ें गुम हो जाती हैं मुझसे
उन्हें ढूँढ़कर सहेज देती हो तुम

मैंने अब तक किए हैं आधे-अधूरे ही काम
जो हो सके पूरे या दिखते हैं लोगों को पूरे
वे सब तुम्हारे ही कारण हैं
उनका सारा श्रेय तुम्हारा है ।
जितेन्द्र श्रीवास्तव
About the poet

जितेन्द्र श्रीवास्तव

पिछली सदी के आखिरी दशक में एक धमक की तरह काव्य-परिदृश्य पर उपस्थित हुए कवि जितेन्द्र श्रीवास्तव आज नयी सदी की कविता के सर्वाधिक प्रशंसित और अनिवार्य कवि हैं। बाजारू प्रलोभनों से बचाकर हिंदी कविता को विश्वसनीय बनाए रखने के प्रति सर्जनात्मक सजगता जितेन्द्र को अ…

View profile & all 18 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like