मैं एक रात थी - नज़्म

जानाँ मलिकजानाँ मलिक

1 min read · 12.4K reads

मैं रात थी सियाह रात

एक नुक़्ते में सिमटी हुई

आँख की पुतली जैसे नुक़्ते में

मैं ने एक दिन को बाहर निकाला

फिर उस दिन की बा-ईं पस्ली से

ख़ुद बाहर निकली

फिर मिरे अंदर कितने सूरज चाँद और सितारे अपनी अपनी मंज़िलें तय करने लगे

मैं रात हूँ कभी न ख़त्म होने वाली रात मैं ने अपनी पोशाक का रंग पैदा किया फिर रंगों से रंग मिलते चले गए

मैं रात हूँ

मेरे एक बाज़ू पर सुब्ह और दूसरे पर शाम सो रहे हैं

मेरी चादर के नीचे

शहर क़ब्रिस्तानों की तरह पड़े हुए हैं

अज़ानें एक दूसरे से टकरा कर

गुम्बदों के आस-पास

गिर जाती हैं

लोग भिनभिनाती हुई मक्खियों की तरह

जागते और सो जाते हैं

ख़ुद अपना लहू गिराते और चाटते हैं

समुंदर चीख़ते और दरिया रेंगते

देखती रहती हूँ

देखती रहती हूँ चुप-चाप

उन का अंत

जिन से फिर उन्ही का जनम होगा

अंत जो नए जन्म का बीज है

ग़ुरूब जो तुलूअ' के तश्त का ग़िलाफ़ है

मैं रोने और हँसने से मावरा हूँ

कभी कभी माँ की मोहब्बत

में रोते हुए बच्चे

की आवाज़ मुझे चौंका देती है

जानाँ मलिक
About the poet

जानाँ मलिक

View profile & all 34 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like