बस इक धोका रह जाता है

जानाँ मलिकजानाँ मलिक

1 min read · 12.4K reads

बस इक धोका रह जाता है

बंदा तन्हा रह जाता है

देखे देखे मंज़र में भी

कुछ अन-देखा रह जाता है

नींद मुकम्मल करते करते

ख़्वाब अधूरा रह जाता है

शाम ढले उस पेड़ पे तन्हा

एक परिंदा रह जाता है

पेड़ अगर कट भी जाए तो

पेड़ का साया रह जाता है

इक लम्हे की तह में रक्खा

एक ज़माना रह जाता है

तुम तो क्या क्या गँवा देते हो

हम से क्या क्या रह जाता है

हिजरत करने वालों देखो

पीछे मलबा रह जाता है

लोग तो पार उतर जाते हैं

दरिया देखता रह जाता है

बादल देख के चल देते हैं

सहरा प्यासा रह जाता है

आख़िरी बस का एक मुसाफ़िर

शब-भर बैठा रह जाता है

कब पड़ता है उस का पाँव

रस्ता देखता रह जाता है

बात कुछ और निकल आती है

सब कुछ सोचा रह जाता है

'जानाँ' इक तस्वीर न हो तो

कमरा सूना रह जाता है

जानाँ मलिक
About the poet

जानाँ मलिक

View profile & all 34 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like