क्या रिश्ता है मेरा - नज़्म

जानाँ मलिकजानाँ मलिक

1 min read · 12.4K reads

अक्सर मैं ने ये सोचा है

तुझ से क्या रिश्ता है मेरा

इस दुनिया में कितने चेहरे

अपने भी बेगाने भी हैं

जाने भी हैं अनजाने भी हैं

चेहरों की इसी झुरमुट में है

तेरा चेहरा ऐसा चेहरा

ज़ेहन के आईना-ख़ाने में रोज़-ए-अज़ल से जो रहता है

सपनों के साँचों में ढल कर

रंग बदल कर रूप बदल कर

आता है

घेरे रहता है मुझ को हल्क़े में यादों के

यादों की इसी राहगुज़र में

लाखों महफ़िल लाखों चेहरे

फिर भी मेरे दिल दर्पन में

रहता है बस तेरा चेहरा

तेरे आगे सज्दा करूँ

दिल कहता है

तेरा वजूद मिरी नज़रों में

है न हक़ीक़ी है न मजाज़ी

तुझ से क्या रिश्ता है मेरा

नाम नहीं है इस रिश्ते का

बस बे-नाम सा इक रिश्ता है

रिश्तों और सपनों की सारी बहस पुरानी

फिर भी तेरे

नाम के आते ही ये रिश्ते

और ये सपने

रूप हक़ीक़त का लेते हैं

ताज़गी इन में आ जाती है

जोश नया जज़्बा अन-जाना आ जाता है

जैसे जैसे वक़्त गुज़र जाता है यादों के नुक़ूश

गहरे होते जाते हैं

एहसास की शिद्दत

बढ़ती जाती है

वक़्त गुज़र जाएगा इक दिन

शहर उजड़ जाएँगे इक दिन

लेकिन

तेरी याद की ख़ुशबू रह जाएगी

और

आवाज़ का पैकर रंगों में ढल जाएगा

ख़ुशबू को रोका है किस ने

आवाज़ें कब क़ैद हुई हैं

चाहत कब ज़ंजीरों को देती है दावत

इस लिए लगता है शायद

लम्हा-लम्हा पल-पल तेरे क़ुर्ब की ख़ुशबू

बढ़ती जाती है

आवाज़ का पैकर

दायरा फैलाता जाता है

चाहत का आकाश

घनेरा होता जाता है

जानाँ मलिक
About the poet

जानाँ मलिक

View profile & all 34 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like