दिल जो आईना सा नहीं होता
यार जल्वा-नुमा नहीं होता
सब्र कर सब्र ऐ दिल-ए-महज़ूँ
इस मोहब्बत में क्या नहीं होता
गो नसीम-ए-सहर है आह मिरी
ग़ुंचा-ए-दिल तो वा नहीं होता
मुर्ग़-ए-बिस्मिल सा क्यूँ न मैं तड़पूँ
दर्द राहत-फ़ज़ा नहीं होता
क्यूँ करूँ जा के मैं उसे सज्दा
बुत-ए-काफ़िर ख़ुदा नहीं होता
होता नाम-ओ-निशाँ का गर तालिब
मैं तिरा नक़्श-ए-पा नहीं होता
क्यूँ दिल आता तुम्हारे दर पे सनम
गरचे शौक़-ए-लिक़ा नहीं होता
इश्क़ होता नहीं तो पेश-ए-नज़र
जल्वा-ए-हक़-नुमा नहीं होता
सर कटाने से हो गई राहत
इश्क़ का ये मज़ा नहीं होता
मुझ से दर-पर्दा है तुझे उल्फ़त
मुझ को ये हौसला नहीं होता
दिल को क्यूँ कर 'जमीला' मैं फेंकूँ
किसी सूरत जुदा नहीं होता








