हर जगह बस दीनता ही दीनता है - जगदीश चंद्र ठाकुर

जगदीश चंद्र ठाकुरजगदीश चंद्र ठाकुर27 Sept 1950

3 min read · 12.4K reads


हर जगह बस दीनता ही दीनता है
एक भिखारी दूसरे से छीनता है |

और क्या वे दे सकेंगे दूसरे को
जिनके भीतर हीनता ही हीनता है |

लोग कंबल ओढ कर घी पी रहे हैं
और हम कहते इसे शालीनता है |
 
ये जो बगुले हैं दिखाई दे रहे
मछलियों के ही लिए तल्लीनता है |

चेतना के स्वर बहुत अस्वस्थ हैं
बस क्षणिक उत्तेजना, उद्विग्नता है |

तुमने उस लड़के को देखा है कभी
सुबह कूडों में भी जो कुछ बीनता है |

जो चढे छत पर हमें सीढी बनाकर
क्या उन्हीं के ही लिए स्वाधीनता है ?
जगदीश चंद्र ठाकुर
About the poet

जगदीश चंद्र ठाकुर

View profile & all 11 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like