राज़ी-नामा - नज़्म

इंजील सहीफ़ाइंजील सहीफ़ा

1 min read · 12.4K reads

रात के काले बदन पे सितारे टाँकने की मश्क़

अपनी रूह पर पैवंद लगाने जैसी मुश्किल नहीं होती

आसमान से लटकती शाख़ों पर

मन्नतों के धागे कब तक बाँधे जा सकते हैं

बुझे हुए कोएले और गीली लकड़ी चिंगारी नहीं पकड़ते

सोई हुई सर्द मोहब्बत ने करवट बदल ली है

चराग़ ले कर सफ़र पर निकलने वाली तितली को

चौदह दिन पुराने चाँद से क्या ग़रज़

बहती हुई सड़कों से अपना रास्ता चुन लेना

और आवाज़ों में से अपने हिस्से की आवाज़ सुन लेना

आसमान के बस में कब है

उस के जुज़दान में लिपटी सहीफ़े जैसी रात नाज़िल हो गई है

सात सुरों में बहता रात का ये पहला पहर और

किन-मिन सा बरसता तुम्हारा नर्म एहसास

बारिश के बाएँ गाल पर रखा हुआ है

आग बारिश की बोली बोल रही है

सितंबर की ग्यारहवीं रात है

सड़क की सिलवटों पर अठखेलियाँ लेती मोहब्बत को

बारिश के पानी से बा-वज़ू दरख़्तों ने सज्दा कर लिया है

इंजील सहीफ़ा
About the poet

इंजील सहीफ़ा

View profile & all 10 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like