मुखौटे - इंदुशेखर तत्पुरुष

इंदुशेखर तत्पुरुषइंदुशेखर तत्पुरुष9 Sept 1962

5 min read · 12.4K reads

कान जब ललक उठे हों सुनने को
पंडित रविशंकर का सितार वादन
और सुननी पड़ती है किसी बूढ़े के
जर्जर फेफड़ों की बेसुरी धुन स्टेथेस्कोप से

आतुर हो उतरने को
कोई छन्द कागज पर
और लिखना पड़ता है परचा
कड़वी दवाइयों का कड़ी हिदायत के साथ

कूंज रहा हो कबूतर उन्मत्त
ढाई आखर का प्राणों को बेसुध करता
और जाना पड़ता है अकस्मात्
किसी पड़ौसी की शवयात्रा में
उतारकर कपड़े नये फैशन के
जो पहने थे
घूमने जाने के लिए अपनी प्रियतमा के साथ।

कितनी विचित्र होती हैं परिस्थितियां
और इससे भी बढ़कर मनःस्थितियां जीवन की
कि, ठहर जाते है रविशंकर सितार पर
और आत्मीय लगती है फेफड़ों की
बेसुरी धुन, करती तन्मय
ठहर जाती है कविता उतरते-उतरते
और सही-सही उतरती है परचे पर दवाइयां
अचूक, किसी छंद-सी
और आंसुओं से भीग जाता कूंजता कपोत
देखकर शवयात्रा

सच कितने प्यारे हैं ये मुखौटे
कितने आत्मीय! कितने पवित्र!
इंदुशेखर तत्पुरुष
About the poet

इंदुशेखर तत्पुरुष

View profile & all 16 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like