कुछ तो खरीद बावली - इंदुशेखर तत्पुरुष

इंदुशेखर तत्पुरुषइंदुशेखर तत्पुरुष9 Sept 1962

8 min read · 12.4K reads

चुन लिए गए मौसम के सारे फूल
तुम्हारी अगवानी में
वृक्षों ने उतार दी अपनी त्वचा
छापाखानों के लिए
छप रहे है धड़ाधड़ अभिनन्दन पत्र
तुम्हारे स्वागतगान में
सड़कों पर
बिछ गये लोग कालीन की तरह
लेखक, पत्रकार, बुद्धिजीवी, कलमजीवी
धुन रहे हैं ढेर-ढेर रूई
बातियां बंटने के लिए चिरागों की
और थाम ली है मशाल व्यापारियों ने
मजबूती से मजबूत हाथों में
तुम, आओगे न जरूर मेरे भी घर ?

क्यों भंग करने पर तुली है
ओ, पागल लड़की।
अरबों-खरबों भरी इस उत्सवी उत्तेजना को
हुलिया तो देख तेरा
वह आ गया बिल्कुल सर पर
और तूने संवारे भी नहीं केश
चुनले-चुनले-चुनले
साबुन, शेंपुओं, सुगंधित तैलों से
पटी पड़ी दुनिया से कुछ भी
कुछ तो खरीद
न अलां ब्रांड की लिपिस्टिक
न फलां ब्रांड की नेपकिन
आखिर कुछ तो खरीद बावली!
बार-बार नहीं आएंगे तेरे द्वारे
ये सुपर स्टार, ये क्रिकेटर
ये कलाकोविद,
ये परियों-सी उतरती अलौकिक सुन्दरियां
बूढ़े कारखानों के सिकुड़ते
फेफड़ों में भरता प्राण
और छोड़ता अपाने हमारे रक्त, मज्जा में
कैसा मदमदाता आ रहा है वह
जर्जर पीढ़ी के खोखले स्नायुओं में
आ रहा है उफान
उसके तूफानी अट्टहासों से
और वह पागल लड़की
अभी भी पूछती है
क्या सचमुच कोई आएगा आधी रात
धूम-धड़ाके के साथ और बदल जाएगा
भूख और रोटी का गणित
जीवन और सपनों का व्याकरण
देह और प्यार का संगीत।
वह नहीं जानती शायद
सैंकड़ों पीढ़ियां गुजर जाने के बाद
आता है एक रोमांचक उत्सवी क्षण
-मिलेनियम पर्व
वह नादान लड़की
इतना भी नहीं जानती
उसकी शान में
ऐसे सवाल पूछना
गुस्ताखी होती है।

(नई सहस्त्राब्दी के आगमन पर लिखी गई कविता)
इंदुशेखर तत्पुरुष
About the poet

इंदुशेखर तत्पुरुष

View profile & all 16 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like