अपूर्व शिखर - इला कुमार

इला कुमारइला कुमार1 Sept 1956

7 min read · 12.4K reads

वह अपनी बेटी को जनम देती है
मातृत्व की विलक्षण अनुभूतियों के बीच मृदुलता का
जादू जाग उठता है
संतान के मानस को हिंसा के विष झकारों से दूर
रखने के प्रण के साथ वह
कई सालों तक सुनहली वीथियों के बीच सुगंध की
तरह विचरती है

पूरे बारह वर्षों के बाद लड़की एक सांझ खुले
आसमानों के नीचे आ खड़ी होती है
तनी हुई बाहों की शाखों पर गुलाबी रंगत के नाखून
मासूमी से मुस्कराते हुए
अंगुलियों की पोरों पर नीले चंदोवे को
महसूसने के लिए वह
अपनी बाहें
दूर आकाश की तरफ तान देना चाहती है
एक पैर घुमा कर सारी धरा को घेरते हुए नृत्य मुद्रा
की खास भंगिमा बनाना चाहती है

आने वाले बेतरतीव वर्षों में
उसका परिचय
संसार में बिखरी हिंसाओं से होता है

सहेली के बोलों में घुली हिंसा
पति की सांसों में रची-बची हिंसा
सास-ननद के कटाक्षों में बिंधी हिंसा

कई वर्षों के बाद एक उमगती शाम में वह
अपने अंतर से उन्मुख होती है
वहां तमाम खाली जगहों में भरी
हिंसाओं को देखकर आश्चर्यचकित होती है
कसे हुए तानो-बानों के बीच उमड़ती सड़ांध
उसे एक बड़ी झील की तलाश है

तमाम जमी हुई हिंसाओं को घेरने वाले वलयों के
सिरों को वह तोड़ेगी

सारा विष बहते पानी में बहा देगी
उसे मातृत्व के उस निर्मल शिखर की तलाश है
जहां बैठकर मां अपनी संतान के लिए
एक हिंसामुक्त संसार का स्वप्न देखती है

उस अपूर्व शिखर पर जाने का ख्याल
खुद को संवारने का ख्याल
पूरी पृथ्वी के आसपास मंडराता है!
इला कुमार
About the poet

इला कुमार

View profile & all 32 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like