झुग्गी वालों का गीत

इब्बार रब्बीइब्बार रब्बी2 Sept 1941

1 min read · 12.4K reads

 

15 अगस्त की रजत जयंती पर

हम पच्चीस साल से दरवाज़े पर खड़े हैं,
किराएदार अंदर पसरे पड़े हैं॥

तुमने तो कहा था—
“आओ इसे निकालें
तुम्हारा मकान तुम्हें मिलेगा”
हम उससे भिड़े,
नब्बे साल तक लड़े
और निकालकर ही माने,
अब हमारा ही प्रवेश निषेध क्यों?

क्या फ़र्क़ है नए और पुराने में!
हमें तो नहीं सौंपा उसने हमारा घर।
जब उसका सामान जा रहा था,
तुम्हारा आ रहा था।
हम उसका बिस्तर लाद रहे थे,
तुम्हारा ढो रहे थे।

हम तो नहीं थे सफ़ेद खादी में
सलामी लेते हुए,
हम तो नहीं थे बगुलों की तरह
‘सत्यमेव जयते’ रटते हुए।
हम पच्चीस साल से वहीं के वहीं खड़े हैं,
अपने ही सीने में खूँटे की तरह गड़े हैं॥

हम अधिक अन्न उपजाकर टाप रहे हैं,
तुम उपवास के चमत्कार समझा रहे हो।
हम उत्पादन बढ़ाकर हाँफ़ रहे हैं,
तुम तस्कर निर्यात चमका रहे हो,
हम पेट पर डिग्रियाँ लाद रहे हैं,
तुम योजना के घोड़े हाँक रहे हो।
हम मोर्चे पर दम तोड़ रहे हैं।
हम मातृ-भाषा में खीझ रहे हैं,
तुम अँग्रेज़ी में मुस्कुरा रहे हो।
हम कर्तव्यों में डूब रहे हैं,
तुम अधिकारों में नहा रहे हो।

हम पच्चीस साल से इंतज़ार में खड़े हैं
हलुए की कड़ाही में भुनगे से जड़े हैं।

इब्बार रब्बी
About the poet

इब्बार रब्बी

View profile & all 55 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like