मेरे क़दमों से इक रहगुज़र बाँध कर
छीन ली उस ने मंज़िल सफ़र बाँध कर
क्या ज़मीं देखना क्या फ़लक देखना
उस ने छोड़ा मुझे मेरे पर बाँध कर
उम्र-ए-रफ़्ता की यादें सँभाले हुए
घर से निकली हूँ नज़रों में घर बाँध कर
मेरी नज़रों में जचता न था ये जहाँ
उस ने जादू किया था नज़र बाँध कर
इक रिवायत नई डालनी है मुझे
मिस्रा-ए-तर में भी चश्म-ए-तर बाँध कर
मेरे रब ने मुझे मो'तबर कर दिया
मेरे नोक-ए-क़लम से हुनर बाँध कर








