हम आधा टिकट

हेमंत देवलेकरहेमंत देवलेकर

1 min read · 12.4K reads

 

डिंग फू के लिए

हम आधा टिकट—
हम आधी सवारी?

गोदी किसी की भी
पूरी सीट हमारी
हम पूरी सैर, पूरे मज़े
हम आधा टिकट—
हम आधी सवारी?

हम पूरी खिड़की, पूरी रेल
हम पूरी नदी, पूरे खेत
हम पूरे पूल, पूरे बोगदे
हम पूरे पहाड़, पूरा आसमान
हम पूरी सैर, पूरे मज़े
हम आधा टिकट—
हम आधी सवारी?

हम पूरी पटरी, पूरी सीटी
हम पूरे जंगल, पूरी घाटी
हम पूरा उतार, पूरी चढ़ाई
हम पूरे स्टेशन
हम खाने-पीने की 
पूरी-पूरी चीज़ें
हम पूरी सैर, पूरे मज़े
हम आधा टिकट—
हम आधी सवारी?

हम पूरी धूप, पूरी चाँदनी
हम पूरी हवा, पूरी धरती
हम पूरी छुट्टी, पूरी मस्ती
हम पूरा शोर, पूरा धमाल
हम पूरी सैर, पूरे मज़े
हम आधा टिकट,
हम आधी सवारी

हेमंत देवलेकर
About the poet

हेमंत देवलेकर

इस सदी में सामने आए हिंदी कवि। रंगमंच से भी संबद्ध।

View profile & all 24 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like