घड़ी की दुकान

हेमंत देवलेकरहेमंत देवलेकर

1 min read · 12.4K reads

घड़ी की दुकानों में

समय नई-नई पोशाकों में

पोज़ देता है

(गतिशीलों को पोज़ देने की फ़ुर्सत नहीं)

रुकी घड़ियाँ दिलासा हैं

कि समय अभी शुरू हुआ नहीं

घड़ी एक गुल्लक है

जिसमें भरी है

समय की काल्पनिकता

अगर इस दुकान में बेहिसाब समय भरा है

तो मुमकिन है, बुज़ुर्ग किसी रात लूट ले जाएँ

अपनी घड़ी मिलाने के लिए

ये जगह अत्यंत भ्रामक

एक तश्तरी में

पुर्ज़ा-पुर्ज़ा खुली घड़ी कहती है—

समय और घड़ी दो असंगत चीज़ें हैं

घड़ी की मरम्मत संभव है,

समय की नहीं।

हेमंत देवलेकर
About the poet

हेमंत देवलेकर

इस सदी में सामने आए हिंदी कवि। रंगमंच से भी संबद्ध।

View profile & all 24 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like