रतजगा

हरीशचंद्र पांडेहरीशचंद्र पांडे28 Sept 1952

1 min read · 12.4K reads

इस घर से वधू को लेने गई है बारात

इस घर में रतजगा है आज

इस समय जब वहाँ बाराती थिरक-थिरक कर साक्ष्य बन रहे होंगे

जीवन के एक मोड़ का

यहाँ औरतें गाकर नाचकर स्वाँग रच-रचकर

लंबी रात के अंतराल को पाट रही हैं

वहाँ जब पढ़े जा रहे हैं झंझावतों में भई साथ रहने के मंत्र

और सात जन्मों के साथ की आकांक्षा की जा रही है

यहाँ जीवन भर साथ चलते-चलते थकी औरतें

मर्दों का स्वाँग रच रही हैं

इनके पास विषय ही विषय हैं

स्वाँग ही स्वाँग

प्रताड़नाएँ, जिन्होंने इनका जीना हलकान कर रखा था

अभी प्रहसनों में ढल रही हैं

डंडे कोमल-कोमल प्रतीकों में बदल रहे हैं

वर्जनाएँ अधिकारों में ढल रहीं हैं

ये मर्द बनकर प्रेम कर रही हैं बुरी तरह

अपनी औरत को बुरी तरह फटकार रही हैं

जूतों की नोकों को चमका रही हैं बार-बार

मूँछों में ताव दे रही हैं

वह टुकड़ा

जो द्वीप है इनके लिए

उसे महाद्वीप बना रही हैं

अपने वास्तविक संसार में लौटने के पहले

कल सुबह एक और औरत के आने से पहले...

हरीशचंद्र पांडे
About the poet

हरीशचंद्र पांडे

नवें दशक में सामने आए हिंदी के महत्त्वपूर्ण कवि। अपने काव्य-विषयों, धैर्य और सादगी के लिए उल्लेखनीय मूल नाम : हरीशचंद्र पांडे जन्म : अल्मोड़ा, उत्तराखंड हरीशचंद्र पांडे का जन्म उत्तराखंड से अल्मोड़ा में 28 दिसंबर 1952 को हुआ। अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ से स्कूली शिक…

View profile & all 33 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like