वर्तनी

हरे प्रकाश उपाध्यायहरे प्रकाश उपाध्याय

1 min read · 12.4K reads

मैं जब लिखता हूँ

थोड़ी वर्तनी ग़लत हो जाती है

थोड़ी भाषा बिगड़ जाती है

थोड़ी बात कहता हूँ

थोड़ी रह जाती है

थोड़ा काग़ज़ काला होता है

थोड़ा सफ़ेद रह जाता है

थोड़ी रोशनी के ख़याल से लिखता हूँ

थोड़ा अँधेरा अच्छा लगता है

समूची पकड़ में नहीं आती चीज़ें

जितना सोचता हूँ उसका

थोड़ा ही पाता हूँ

थोड़ा कह पाता हूँ

थोड़ा कहने से रह जाता हूँ

जो हो गई ग़ल्ती-सल्ती

जो रह गया अधूरापन

उसके लिए

कृपया महान लोगों से संपर्क करें

वे कम नहीं हैं दुनिया में

वे भरे-पूरे शुद्ध-समूचे का दावा कर रहे हैं

उनका ही संसार सब चीज़ों से भरता जा रहा है

मेरे जैसे नाचीज़ों पर चढ़ी जा रही है उनकी अमरबेल...।

हरे प्रकाश उपाध्याय
About the poet

हरे प्रकाश उपाध्याय

View profile & all 50 Poems / Stories