रूप के बादल - गोपीकृष्ण गोपेश

गोपीकृष्ण गोपेशगोपीकृष्ण गोपेश

3 min read · 12.4K reads

रूप के बादल यहाँ बरसे
कि यह मन हो गया गीला!

चांद- बदली में छिपा तो बहुत भाया
ज्यों किसी को-
फिर किसी का ख़याल आया
और
पेड़ों की सघन-छाया हुई काली
और कोई साँस काँपी, प्यार के डर से
रूप के बादल यहाँ बरसे...।

सामने का ताल
जैसे खो गया है
दर्द को यह क्या अचानक हो गया है?
विहग ने आवाज़ दी जैसे किसी को-
कौन गुज़रा
प्राण की सूनी डगर से!
रूप के बादल यहाँ बरसे...।

दूर, ओ तुम!
दूर क्यों हो, पास आओ
और ऐसे में ज़रा धीरज बंधाओ-
घोल दो मेरे स्वरों में कुछ नवल स्वर,
आज क्यों यह कण्ठ,
क्यों यह गीत तरसे!
रूप के बादल यहाँ बरसे...।
गोपीकृष्ण गोपेश
About the poet

गोपीकृष्ण गोपेश

View profile & all 6 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like