कुछ ऐसा खेल रचो साथी - गोपाल सिंह नेपाली

गोपाल सिंह नेपालीगोपाल सिंह नेपाली11 Sept 1911 – 17 Sept 1963

6 min read · 12.4K reads

कुछ ऐसा खेल रचो साथी!
कुछ जीने का आनंद मिले
कुछ मरने का आनंद मिले
दुनिया के सूने आँगन में, कुछ ऐसा खेल रचो साथी !

वह मरघट का सन्नाटा तो रह-रह कर काटे जाता है
दुःख दर्द तबाही से दबकर, मुफ़लिस का दिल चिल्लाता है
यह झूठा सन्नाटा टूटे
पापों का भरा घड़ा फूटे
तुम ज़ंजीरों की झनझन में, कुछ ऐसा खेल रचो साथी !

यह उपदेशों का संचित रस तो फीका-फीका लगता है
सुन धर्म-कर्म की ये बातें दिल में अंगार सुलगता है
चाहे यह दुनिया जल जाए
मानव का रूप बदल जाए
तुम आज जवानी के क्षण में, कुछ ऐसा खेल रचो साथी !

यह दुनिया सिर्फ सफलता का उत्साहित क्रीड़ा-कलरव है
यह जीवन केवल जीतों का मोहक मतवाला उत्सव है
तुम भी चेतो मेरे साथी
तुम भी जीतो मेरे साथी
संघर्षों के निष्ठुर रण में, कुछ ऐसा खेल रचो साथी !

जीवन की चंचल धारा में, जो धर्म बहे बह जाने दो
मरघट की राखों में लिपटी, जो लाश रहे रह जाने दो
कुछ आँधी-अंधड़ आने दो
कुछ और बवंडर लाने दो
नवजीवन में नवयौवन में, कुछ ऐसा खेल रचो साथी !

जीवन तो वैसे सबका है, तुम जीवन का शृंगार बनो
इतिहास तुम्हारा राख बना, तुम राखों में अंगार बनो
अय्याश जवानी होती है
गत-वयस कहानी होती है
तुम अपने सहज लड़कपन में, कुछ ऐसा खेल रचो साथी !
गोपाल सिंह नेपाली
About the poet

गोपाल सिंह नेपाली

View profile & all 75 Poems / Stories

More from गोपाल सिंह नेपाली

  1. चरी - गोपाल सिँह नेपाली - कुमार घिसिङ

    जनता कि सेवा में जाने कितना दूध-दही।लिखो लाभ का पूरा ब्योरा, छोटी पड़े बही।

    12.4K reads
  2. दीपक जलता रहा रात भर - गोपाल सिंह नेपाली

    एकदुख की घनी बनी अँधियारी

    12.4K reads
  3. मैं विद्युत् में तुम्हें निहारूँ - गोपाल सिंह नेपाली

    मैं विद्युत् में तुम्हें निहारूँनील गगन में पंख पसारूँ;

    12.4K reads
  4. बहारें आएँगी, होंठों पे फूल खिलेंगे - गोपाल सिंह नेपाली

    बहारें आएँगी, होंठों पे फूल खिलेंगेसितारों को मालूम था, हम दोनों मिलेंगे

    12.4K reads
  5. तू चिंगारी बनकर उड़ री - गोपाल सिंह नेपाली

    तू चिंगारी बनकर उड़ री, जाग-जाग मैं ज्वाल बनूँ,तू बन जा हहराती गँगा, मैं झेलम बेहाल बनूँ,

    12.4K reads

More Poetry & Stories You May Like