एक तिब्बती लड़की
अलस्सुबह
बड़े तेज़ क़दमों से गुज़रती है
मेरे घर के सामने के गलियारे में
अपनी गीली चप्पलों के साथ
तिब्बती लड़की
हमेशा छींका¹ पहनकर निकलती है
और कंधे पर डाले रहती है
‘लेट्स गो बैक टू टिब्बेट’ वाला
एक झोला
कि जैसे यही उसकी ज़िंदगी का
सबसे बड़ा ख़्वाब हो
तिब्बती छींका पहने लौट जाना ल्हासा की ओर
जहाँ के लामा
दुनिया भर का जादू जानते हैं
तिब्बती लड़की ने अपने झोले में
विरासत में मिला धैर्य
इतनी अच्छी तरह सँभाला हुआ है
कि उसके पूरे वजूद में
कहीं कोई हड़बड़ी नहीं नज़र आती
बेचैनी की सीमा से परे
जब वह
दमगिन² बजाना शुरू करती है
तो बेन जियाबाओ
बेचैन हो उठते हैं
और तेज़ क़दमों से टहलने लगते हैं
बीजिंग के अपने महल में
तिब्बती लड़की
प्राय: बहुत धीमा गाती है
इतना धीमा कि
उसकी बंद आँखों को देखकर ही
पता चल पाता है कि वह कुछ गा रही है
वह इतना अच्छा गाती है
कि लोग कहते हैं उसकी आवाज़ में जादू है
लेकिन लड़की जानती है
कि छिने हुए देश को
वापस पाने के लिए
उसकी आवाज़ का जादू काफ़ी नहीं है।
____________________________
1. छींका : एक तिब्बती परिधान
2. दमगिन : एक तिब्बती वाद्ययंत्र








