एक बच्चा सड़क पर अख़बार उठाते समय
कार के नीचे आ गया और चल बसा
जबकि उसे उम्मीद थी कि
अख़बार उसे भूखा मरने से बचा लेगा
एक बच्चा स्कूल के बाहर ग्रिल
पर अपना माथा टिकाए
आख़िरी बार देखा गया था
उसकी लाश सुबह कचरे के ढेर में शामिल थी
एक और बच्चा था
जो स्कूल के अहाते के भीतर ही ख़त्म हो रहा था
हालाँकि लोग उसे पहचानने की कोशिश कर रहे थे
लेकिन इस शिनाख़्त के बीच ही
वह भी रूठ कर चला गया था
एक प्रधानमंत्री लाल क़िले की प्राचीर से
कह रहा था कि भाइयों हमारे यहाँ इतने बच्चे हैं
इतने बच्चे हैं, कि ये बच्चों का देश है
जनता उसकी बात पर ताली बजाने लगी
और मैं सोचने लगा
कि सचमुच हमारे यहाँ कितने बच्चे हैं
इतने कि वे न स्कूल में समाते हैं न बग़ीचों में
न वे खेल के मैदानों में अटते है न मेलों में
वे इतने हैं कि हर कहीं हो गए हैं
कूड़ेदानों में, कचरे के मैदानों में
नालों में, पुलों के नीचे
गटर के भीतर
कुत्तों और सियारों के बीच
हर कहीं
दुर्भाग्य कि वे इतने हो गए हैं
आजकल बच्चे कितने सस्ते हो गए हैं।








