पहले लगता था - फ़रीद खान

फ़रीद खानफ़रीद खान29 Sept 1975

4 min read · 12.4K reads

पहले लगता था कि जो सरकार बनाते हैं,
वे ही चलाते हैं देश ।
पहले लगता था कि संसद में जाते हैं
हमारे ही प्रतिनिधि ।

पहले लगता था कि सबको एक जैसा अधिकार है ।

पहले लगता था कि अदालतों में होता है इंसाफ़ ।
पहले लगता था कि अख़बारों में छपता है सच ।
पहले लगता था कि कलाकार होता है स्वच्छ ।

पहले लगता था कि ईश्वर ने बनाई है दुनिया,
पाप पुण्य का होगा एक दिन हिसाब ।
पहले लगता था कि मज़हबी इंसान ईमानदार तो होता ही है ।
पहले लगता था कि सच की होगी जीत एक दिन,
केवल आवाज़ उठाने से ही सुलझ जाता है सब ।

अभी केवल इतना ही लगता है,
कि सूरज जिधर से निकलता है,
वह पूरब ही है,
और डूबता है वह पच्छिम में । बस ।
फ़रीद खान
About the poet

फ़रीद खान

View profile & all 36 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like