है उजालों के सिलसिले हर-सू - द्विजेन्द्र द्विज

द्विजेन्द्र द्विजद्विजेन्द्र द्विज10 Sept 1962

3 min read · 12.4K reads

हैं उजालों के सिलसिले हर-सू
‘दीप खुशियों के जल उठे हर-सू’

आँगन-आँगन में अल्पनाएँ हैं
आस के फूल खिल गये हर-सू

द्वार- आँगन हैं दीपमालाएँ
कहकशाँ-सी दिखाई दे हर सू

जैसे लौटे थे राम अयोध्या में
आज वैसा ही कुछ लगे हर-सू

जिनकी परदेस में है दीवाली
उनको अपना ही घर दिखे हर-सू

मुँह छिपाता फिरे है सन्नाटा
हैं पटाख़ों के क़हक़हे हर-सू

कौन गुज़रा है दिल की गलियों से
हैं चिराग़ों के क़ाफ़िले हर-सू

क्यों न हो आज नूर की बरखा
जब इबादत में हैं दिये हर-सू

काश हो ज़िन्दगी भी दीवाली
नूर की इक नदी बहे हर सू
द्विजेन्द्र द्विज
About the poet

द्विजेन्द्र द्विज

View profile & all 41 Poems / Stories