न हम अब याद में उस की कभी आँसू बहाएँगे
न उस के छोड़ जाने पर कभी ख़ुद को रुलाएँगे
हमें भी रूठ जाने का हुनर तो ख़ूब आता है
अगर वो हद से बढ़ कर जान-ए-जाँ हम को सताएँगे
हमें कब ज़ेब देता है कि आँसू उन को दिखलाएँ
हम अपनी दास्तान-ए-ग़म उन्हें हँस कर सुनाएँगे
अँधेरों से वो डरते हैं हमें मा'लूम है ये भी
दिए हम रास्ते में उन के हर शब को जलाएँगे
दुआ हम रोज़ करते हैं 'दुआ' पर है यक़ीं हम को
हमें कामिल यक़ीं है लौट कर इक दिन वो आएँगे








