मिरे दिल से तिरे दिल तक सफ़र है
मोहब्बत की कहानी मुख़्तसर है
कहोगे क्या उसे ऐ बख़िया-गर तुम
ये इक आँसू है या तार-ए-नज़र है
रगें पैरों की जैसे मुंजमिद हैं
तमाशाई बनी इक रहगुज़र है
उदासी मुस्तक़िल मेहमाँ है दिल की
ख़बर ख़ुशियों की उस पर बे-असर है
उधर रंगीं-बयानी ज़ोर पर है
इधर दुनिया-ए-दिल ज़ेर-ओ-ज़बर है
'दुआ' दुख की फ़रावानी में सुख है
मुझे रास आता हर दुख ताज़ा-तर है








