कहो उन से कि आ जाएँ न मुझ को अब सताएँ वो
करें वो प्यार जी भर के न अब लेकिन रुलाएँ वो
मोहब्बत रूठ जाएगी न गर इज़हार हो पाया
कहो उन से कि अब के बार मत दूरी बढ़ाएँ वो
मैं उन बाँहों में अब सब कुछ यक़ीनन भूल जाऊँगी
मिरे दिल की ये बिंती है कि साँसों में समाएँ वो
कोई उन को ये बतलाए मैं उन से प्यार करती हूँ
मैं उन से दिल लगा बैठी हूँ दिल मुझ से लगाएँ वो
ये बारिश गुनगुनाती है ये बूँदें मुस्कुराती हैं
'दुआ' का उन से कहना है कि अब सब को बताएँ वो








