कुछ काम था क्या आपको - दिविक रमेश

दिविक रमेशदिविक रमेश28 Sept 1946

3 min read · 12.4K reads

वह कोई दूसरा आदमी था
जो कल मिला था आपसे

अरे-अरे ! चौंकने से नहीं चलेगा काम
विश्वास कीजिए
इसके सिवा चारा कोई है भी नहीं आपके पास

था तो मैं ही
नहीं-नहीं, नहीं था कोई और मेरा प्रतिरूपी
था तो मैं ही
यानी मेरी ही आकृति
पर था वह कोई दूसरा ही आदमी

कल जो मिला था
वह एक ज़रूरतमंद था, घोंचू, घिघयाया
उसे चाहिए थी आपकी दया, कृपा आदि-आदि

आज यह जो आपके सामने है
उसे तो आप तक की ज़रूरत नहीं है

फिर भी
कहिए, कुछ काम था क्या आपको ?
दिविक रमेश
About the poet

दिविक रमेश

View profile & all 162 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like