मेरा आकाश - दीप्ति गुप्ता

दीप्ति गुप्तादीप्ति गुप्ता25 Sept 1953

4 min read · 12.4K reads

मेरे अन्दर का आकाश
कभी स्वच्छ, निरभ्र, साफ-सुथरा
धुला-धुला, असीम उल्लास बिखेरता
मुझे उत्साहित करता है,
प्रेरित करता है!
तब मैं चहकी-चहकी,महकी-महकी
थिरकी - थिरकी, काम में मगन
लिए अथक मन,प्रफुल्लित रहती हूँ
दिन में दमकता सूरज
रात में चमकता चाँद
टिमटिम तारों की दीपित आभा
एक सुहाना गुनगुना आभास
मन्द - मन्द शीतल
फुहार का अहसास
भर देता मन में ढेर उजास!
पर,
कभी-कभी मेरे अन्दर का आकाश
अँधेरा, मटमैला घटाओं से घिरा
अनन्त निराशा उड़ेलता
मुझे हतोत्साहित करता, डराता
तब मैं चुप - चुप सहमी-सहमी
थमी - थमी, काम से उखड़ी
लिए थका मन,
निरूत्साहित रहती हूँ!
न दिन में सूरज, न रात में चाँद
सितारे भी जैसे सो जाते लम्बी तान
एक ठहरे से दर्द का आभास
तूफान से पहली की खामोशी का अहसास
कर देता मन को बहुत उदास!
दीप्ति गुप्ता
About the poet

दीप्ति गुप्ता

View profile & all 77 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like