लाल चेहरे वाले लोग - दीपक मशाल

दीपक मशालदीपक मशाल24 Sept 1980

5 min read · 12.4K reads


ये लाल चेहरे वाले लोग
जो इस हॉल में बैठे हैं
बड़ी सी टेबल घेरे हुए

जिनके सामने रखी हैं
मशीन के पानी की बोतलें

सुना है ये सोचने का काम करते हैं
इन्हें मिलने वाली तनख्वाह इसीलिये बड़ी है
क्योंकि ये बड़ा सोचते हैं..
और सोचने के बाद
आगे का काम किसी और को सौंप देते हैं

इनके ये लाल चेहरे इतने लाल कैसे हैं
ये समझ नहीं आता
क्योंकि ना तो इन्हें आते देखा अभी धूप से
ना अन्दर चल रहे ए.सी. में कोई खराबी है
अभी तक कोई शर्मवाली बात भी ना हुई यहाँ
बस खिलखिलाने की आवाजें आती हैं बीच-बीच में

ना इनके खाने में
ना ही नाश्ते में डाली गई है
कोई लाल-हरी तीखी मिर्ची..
इनकी बात भी तो समझ नहीं आती हमें
जाने.. अंग्रेज़ी में गिट-पिट करते हैं शायद

चपरासी ने बताया था
कि बड़े साब लोग आने हैं
किसी बाल-श्रम की समस्या पर
कुछ बड़ा सोचना है उन्हें आज

पर हमें क्या
जल्दी से ये खाना-चाय ख़तम करें
तो हम निकलें अपने घर को
कल तो बापू आ ही जायेंगे काम पर लौट के...
दीपक मशाल
About the poet

दीपक मशाल

View profile & all 42 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like