तुलसी के प्रति - दिनेश्वर प्रसाद

दिनेश्वर प्रसाददिनेश्वर प्रसाद4 Sept 1932

3 min read · 12.4K reads

तुमने समय को बार-बार पुराने कपड़े की तरह
       उतार कर फेंक दिया है
तुम्हारी दुनिया में
काल की घड़ी के काँटे थम गए हैं
तुम अतीत होकर भी अशेष हो
हमारी हर राह पर
       हमारी छाया-जैसे सहचर !

तुम न योगियों के रसायन हो,
न देवताओं के सोम
तुम वह घास हो
जो पारिजात और पाटल के
झर जाने के बाद भी
हरी रह जाती है

जो जितने प्यार से पहाड़ों को
बाँहों में समेटती है
उतनी ही ललक से
समतल और रौंदी हुई
भूमि पर बिछ जाती है

(तुलसी जयन्ती : 1969)
दिनेश्वर प्रसाद
About the poet

दिनेश्वर प्रसाद

View profile & all 54 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like