तभी होगी सम्भव फिर कविता - दिनेश्वर प्रसाद

दिनेश्वर प्रसाददिनेश्वर प्रसाद4 Sept 1932

5 min read · 12.4K reads

एक पुरानी प्रार्थना की तरह
उनके शब्दों की आग बुझ गई है
अब नए शब्द खोजो
समुद्र की गहराइयों, पाताल के
अन्धेरे में
पिछली सदियों में सोए हुए
किसी अश्विन् किसी प्राचेतस किसी दध्यँक की
भाषा में,
चाहे जहॉँ भी मिलें वे प्रेरक शब्द

सामने से हर दिन गुज़रने वाले
रोते-बिसूरते हंसते-चिढ़ते
सिर उठा कर पीछे-आगे देखते-सोचते
लोगों की भाषा को
कविता बनाते समय सोचो कि शब्द
किसी पुरानी प्रार्थना की तरह
सिर्फ उच्चरित हो कर न रह जाएँ

खोजो उनमें दीप्ति कहाँ है खोजो
कहाँ है प्राणधारा में नहला कर
मृत्यु की काई धो देने वाला
वैद्युदिक निर्झर उनमें,
धीमी आँच में पककर

विस्फोटक हो गया, वह विवेक
मानव की नियति की उलझनें
रखकर उनको सुलझा दे, वह प्रज्ञा
कहाँ कैसे जाग उठी है आज
नया इतिहास बनाने को आतुर

यदि यह सब कर सको
लोक की उबलती हुई निजता को
निज की निजता में भर सको
तभी, तभी हो सकेगी
सम्भव फिर कविता

(14 जनवरी 1986)
दिनेश्वर प्रसाद
About the poet

दिनेश्वर प्रसाद

View profile & all 54 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like