ईरानी फ़िल्मकार जफ़र पनाही के चश्मे से निकल
सफ़ेद ग़ुब्बारे ने देखा
एक बच्चा जो पहली बार
रेल का सफ़र कर रहा था।
वह मुझ जैसा बिल्कुल नहीं था
वह विस्मित हुआ।
उसने रास्ते में पकड़ी बहुत सारी मछलियाँ
और उन्हें पानी में डाल दिया।
जामुन की गुठलियाँ
चिप्स के ख़ाली पैकेट
दोस्त की ग़लती से लाई नोटबुक
जिसमें सारा होमवर्क अधूरा था
उसके टूटी चैन वाले बस्ते से सब
बाहर की ओर दौड़ रहे थे।
गंतव्य पर पहुँचते ही उसने
मेरे कान में कहा—
अंकल आज मैंने जाना
कि जामुन की गुठलियाँ नहीं खाते।








