वह प्रेम के प्रतीक्षालय में है - देवयानी

देवयानीदेवयानी13 Sept 1972

4 min read · 12.4K reads

वह प्रेम के प्रतीक्षालय में है

उसे हर बात सिर्फ अपनी तरह से करनी है
उसका अपना झंडा है
उसके अपने रंग है
उसकी अपनी भाषा है
उसके अपने ढंग है

उसके रिश्ते सिर्फ उसकी शर्तों पर बनते हैं
उनमें अन्य की कोइ जगह नहीं
अन्य उसके हाथों के मोहरे हैं
लेकिन एक दिन मोहरे ऊब जाते हैं
चलते हुए उसके हाथों की चाल

दोस्त बिखर जाते हैं
जैसे बिखर जाती हैं कैरम की गोटियां
स्ट्राइकर के पहले ही आघात के साथ

उसे दुनिया से कोइ शिकायत नहीं
उसे पता है उसने गलत समय में
गलत देशकाल में जन्म लिया

वह प्रेम के प्रतीक्षालय में है
और वे लोग जो करते हैं उससे प्रेम
घर पर करते हैं उसकी प्रतीक्षा
देवयानी
About the poet

देवयानी

View profile & all 49 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like