सूखे गुलमोहर के तले - देवयानी

देवयानीदेवयानी13 Sept 1972

5 min read · 12.4K reads

चौके पर चढ कर चाय पकाती लडकी ने देखा
उसकी गुडिया का रिबन चाय की भाप में पिघल रहा है
बरतनों को मांजते हुए देखा उसने
उसकी किताब में लिखी इबारतें घिसती जा रही हैं
चौक बुहारते हुए अक्‍सर उसके पांवों में
चुभ जाया करती हैं सपनों की किरचें

किरचों के चुभने से बहते लहू पर
गुडिया का रिबन बांध लेती है वह अक्‍सर
इबारतों को आंगन पर उकेरती और
पोंछ देती है खुद ही रोज उन्‍हें
सपनों को कभी जूडे में लपेटना
और कभी साडी के पल्‍लू में बांध लेना
साध लिया है उसने

साइकिल के पैडल मारते हुए
रोज नाप लेती है इरादों का कोई एक फासला
बिस्‍तर लगाते हुए लेती है थाह अक्‍सर
चादर की लंबाई की
देखती है अपने पैरों का पसार और
वह समेट कर रखती जाती है चादर को

सपनों का राजकुमार नहीं है वह जो
उसके घर के बाहर साइकिल पर चक्‍कर लगाता है
उसके स्‍वप्‍न में घर के चारों तरफ दरवाजे हैं
जिनमें धूप की आवाजाही है
अमलतास के बिछौने पर गुलमोहर झरते हैं वहां
जागती है वह जून के निर्जन में
सूखे गुलमोहर के तले
देवयानी
About the poet

देवयानी

View profile & all 49 Poems / Stories