एक दिन मैं कर लूँगी बन्द घर के दरवाज़े - देवयानी

देवयानीदेवयानी13 Sept 1972

5 min read · 12.4K reads

माहिर पतंग बाज हो तुम
बखूबी जानते हो काटना दूसरों की पतंग
लम्बी ढील में

लट्टू को अपने इशारों पर नचाना आता है तुम्हें
कायल हैं लोग तुम्हारे इस हुनर के

तुम्हारे टेढे सवाल कर देते हैं लाजवाब

रंगों की अराजकता कोई तुमसे सीखे


एक दिन लोग खोज ही लेंगे कि
ढील में पेच लडाने वालों की पतंगों को
कब् और कैसे मारना हैं खेन्च

लट्टू अन्ततः लट्टू ही है
यदि तुम समझ बैठे हो कि
ऐसे ही नचा लोगे धरती को भी अपने इशारों पर
सिर्फ एक डोर् मे उलझा कर
तो ज़रा सावधान रहना

कैन्वास कर सकता हैं ऐतराज़ किसी रोज और कहेगा
इतना ही अराजकता के साथ बरतना है यदि रंगों को
तो खोज लो अपने लिए कोई और ज़मीन
हमारी सफैद पीठ को मन्जूर नहीं
तुम्हारी यह धमाचौकड़ी

एक दिन मैं कर लूँगी बन्द घर के दरवाज़े
उस दिन
कौनसा दरवाज़ा खटखटाओगे
इस फैले हुए भुमंडल पर कहाँ पैर टिकाओगे
अगर बच्चों ने कर दिया इन्कार पह्चानने से
तो क्या करोगे अपने उस बडे से नाम का
जिसे तुम अपने इस हुनर से कमाओगे
देवयानी
About the poet

देवयानी

View profile & all 49 Poems / Stories