कहीं भी ढूँढ़ो कहाँ नहीं है, कोई भी उसके सिवा नहीं है - देवमणि पांडेय

देवमणि पांडेयदेवमणि पांडेय4 Sept 1958

4 min read · 12.4K reads

कहीं भी ढूँढ़ो कहाँ नहीं है, कोई भी उसके सिवा नहीं है।
है नूर उसका हर एक शै में वो जलवागर है छुपा नहीं है।

सफ़र में आती हैं मुश्किलें जब, वो साथ देता है हर क़दम पर
वो रहनुमा है सभी का लेकिन ये राज़ सबको पता नहीं है।

वो बादलों में, वो बिजलियों में, वही धनक में, वही शफ़क़ में
निहाँ है फूलों में उसकी ख़ुशबू जमाल उसका छुपा नहीं है।

नफ़स-नफ़स में है उसकी आहट, उसी से क़ायम है दिल की धड़कन
वो सुबह मेरी, वो शाम मेरी, कभी वो मुझसे जुदा नहीं है।

ये चाँद-तारे, हवा,समन्दर, उसी के दम से है सारी क़ुदरत
वो सबका मालिक है उसके दर पे, है किसका सर जो झुका नहीं है।

जो सजदा करते हैं उसके दर पे, उन्हीं को हासिल है उसकी रहमत
उन्हें भला क्यूँ सुकूँ मिलेगा वो जिनके दिल में बसा नहीं है।
देवमणि पांडेय
About the poet

देवमणि पांडेय

View profile & all 68 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like