इस दुनिया के रंग में ढलकर हम याराना भूल गए - देवमणि पांडेय

देवमणि पांडेयदेवमणि पांडेय4 Sept 1958

3 min read · 12.4K reads

इस दुनिया के रँग में ढलकर हम याराना भूल गए।
सबने ढूँढ़े अपने रस्ते साथ निभाना भूल गए।

बच्चों के हाथों में जब से ये मोबाइल आया है
बहते पानी में काग़ज़ की नाव चलाना भूल गए।

धन-दौलत ने हमको इतने ख़ुशियों के सामान दिए
खेत-फ़सल, कोयल-गोरैया गाँव सुहाना भूल गए।

हँसते-गाते, धूम मचाते जिनमें बचपन गुज़रा था
शहर में आकर उन गलियों में आना-जाना भूल गए।

शाम ढले इक रौशन चेहरा क्या देखा इन आँखों ने
दिल में जागीं नई उमँगें दर्द पुराना भूल गए।
देवमणि पांडेय
About the poet

देवमणि पांडेय

View profile & all 68 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like