सुनो बुद्ध,
तुम बताकर भी तो जा सकते थे
इतना संकोच क्यों किया तुमने?
थोड़ा वक्त ज़रूर लगता
तुम्हें कहने में, मुझे सुनने में
और फिर हमें उसे गुनने में
लेकिन हम मिलकर
तुम्हारे जाने का उत्सव मनाते
मैं करती शृंगार हम रात भर गीत गाते
तो क्या हुआ? जो तुम
अल-सुबह चले जाते
ये तुम्हारी मुक्ति का प्रश्न था?
जो तुम्हे हाथ छुड़ाकर ही मिलती
पर मैंने तो उसी जगह रहकर
किया ख़ुद को तुमसे अब मुक्त
तुम्हारे यूँ अचानक चले जाने से
हमारे बीच की वो जो जगह रिक्त हुई
मैं नए जमाने की यशोधरा
उगूँगी फिर उसी रिक्त जगह से
फलूँगी-फूलूँगी भी
प्रेम से कभी न मुक्त होने वाले
जीवन की कामना के लिए।








