पृथ्वी के सीने पर सदियों से रखा
हिमालय-सा विशाल पत्थर
फिर भी साँस ले पा रही है पृथ्वी
अनंत समुद्री तूफ़ानों से घिर कर भी
उसने बचा रखी है उतनी ज़मीन
कि उगाए जा सकें पेड़-पौधे
और जिस पर खेल सकें धूप के नन्हे पाँव
हो काली रात या आँचल
हवा का एक लंबा घूँघट काढ़े
पृथ्वी मुस्कुराती इस सब के बीच
क्या इतना काफ़ी नहीं है
तुम्हारे लिए कि तुम भी
खिल-खिलाकर हँसते हुए जी सको
इन सबके साथ।








