अति विनम्र, फैले चहुँ ओर
घिरते-घिरते जैसे बावरे
घने-घनेरे साँझ के साये
और सायों की छाया में तनिक भर
धड़कते दिलों, सरकते शरीरों,
और फड़कते नयनों में—
मिल रहे हैं अति-तीव्र आलिंगन से
ये दिन-रात चोरी-चोरी।
और आकाश की छाती से सटे खड़े
पर्वत के ऊँचे उन दो शिखरों के
मध्य, पीछे से
तिल-तिल सरकता, थिरकता, फड़कता
चमकता हुआ उदित हो रहा—
वह प्रिय चंद्रमा।
कभी ऐसी ही साँझ को, हम चाँद की तरह
कभी प्यार ऐसे ही, हमारे मध्य भी
थर-थर थिरकते-धड़कते दिलों में
लिपे-पुते चौपालों पर बड़ी धीरे से बैठती,
कभी फिर खड़ी होती रही चाँदनी सदृश
यह प्यारी, प्रफुल्लित, यह प्रीत हमारी।








