कितने अजीब लगते हैं...
दर-ओ-दीवार!
जब माँ चली जाती है
आँगन में लगी बिरवाई के सहारे
छतों पर।
कितने अजीब लगते हैं...
दर-ओ-दीवार!
जब माँ उड़ जाती है
मुँडेर पर बैठी गौरैया के साथ
नीले आसमान में।
कितने अजीब लगते हैं...
दर-ओ-दीवार!
जब माँ फड़क उठती है
हलधर की भुजाओं में
रोटी के स्वाद में घुलकर।
कितने अजीब लगते हैं...
दर-ओ-दीवार!
जब माँ दमक उठती है
धान और गेहूँ की बालियों में
तीज के शृंगार की तरह।
कितने अजीब लगते हैं...
दर-ओ-दीवार!
जब माँ झाँकती है
किवाड़ की ओट से
मर्दों की अद्भुत दुनिया में,
जहाँ उसे दिख जाता है
माँ के होने और न होने का फ़र्क़।
कितने अजीब लगते हैं...
दर-ओ-दीवार!
जब माँ ग़रज़ उठती है
फ़ौलाद सैनिकों की बंदूक़ों में
अपनी ही लाज बचाने के लिए।
जबकि हम महसूस कर सकते हैं
माँ को
भूख की गंध में
जहाँ वह तैरती रहती है
ख़ुशबू की तरह।
जबकि सब कुछ ख़त्म होने पर भी
सबसे लड़कर
बची रहती है माँ
युद्ध-भूमि से बहुत... दूर
परीक्षित का गर्भ सँभाले।








