चूक मेरी ही थी - ब्रज श्रीवास्तव

ब्रज श्रीवास्तवब्रज श्रीवास्तव5 Sept 1966

6 min read · 12.4K reads

मेरे अंदर सैर करने के लिए आए थे
अनेक विचार
मैं एक ही जगह रहा आज दिन भर
फिर भी किसी ने मुझे नियंत्रित किया
वह एक नहीं था
जिसने मुझे नहीं चलने दिया अपने अनुसार
एक राजनीति पहरे पर थी
मुझे स्थिर रखने के लिए
कुछ उपदेश बैठे थे सर पर आँखें लाल किए
कुछ मशवरे भी बैठे थे दरवाजे पर मेरे घर के

मेरी तरह ही ख़यालों में गुम थे कुछ और लोग भी
जिनका दिन इसी तरह गुजरा कि बस गुजरा

दिन गुजरा महामारी के मरीज़ की तरह
खाँसता हुआ और प्रार्थना करता हुआ
समय का अंश होते हुए भी
समय से अपने अस्तित्व की याचना करता हुआ

आँखों के सामने से गुजरे थे जो दृश्य
उनमें मुंह ढ़के हुए कुछ लोग थे
एक बाज़ार था, बेतरह बेख़बर भावनाओं से
एक नवजात वाहन था
कर्ज से अर्जित किया हुआ
कचरों के ढ़ेरों में कुछ गंदे मास्क भी पहुँच गए थे
कविता में अलबत्ता चाँद मौजूद था
और उस दृश्य को हटाया जा रहा था किसी के द्वारा
पहले की तरह गुजरे दिनों से
यह दिन इस तरह अलग तरह से गुजरा था

अवसाद का धूसर रंग था
न जाने किस-किस की चूक थी
कि यह दिन इस तरह से गुजरा।
मुमकिन है कहा जाय
चूक मेरी ही थी
दिन को अदिन करने की।
ब्रज श्रीवास्तव
About the poet

ब्रज श्रीवास्तव

View profile & all 49 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like