आदरणीय कुँवर नारायण जी के लिए
नदी में नदी का अपना कुछ भी नहीं
जो कुछ है
सब पानी का है
जैसे पोथियों में उनका अपना
कुछ नहीं होता
कुछ अक्षरों का होता है
कुछ ध्वनियों और शब्दों का
कुछ पेड़ों का
कुछ धागों का
कुछ कवियों का
जैसे चूल्हे में चूल्हे का अपना
कुछ भी नहीं होता
न जलावन, न आँच, न राख
जैसे दीये में दीये का अपना
कुछ नहीं होता
न रूई उसकी न बाती
न तेल न आग न दियली
वैसे ही नदी में नदी का
अपना कुछ नहीं होता
नदी न कहीं आती है न जाती है
वह तो पृथिवी के साथ
सतत पानी-पानी गाती है
नदी और कुछ नहीं
पानी की कहानी है
जो बूँदों से सुन कर
बादलों को सुनानी है








