कोई चिह्न नहीं है - बोधिसत्व

बोधिसत्वबोधिसत्व11 Sept 1968

4 min read · 12.4K reads

पिता
अब घर में कोई चिह्न नहीं है तुम्हारा
सब धीरे-धीरे मिट गया
कुछ चीज़ों को ले गए महापात्र
कुछ जला दीं गईं
तुम्हारा चश्मा पड़ा रहा तुम्हारे तहखाने में
कई महीने
फिर किसी ने उसे
गंगा में प्रवाहित कर दिया ।

तुम्हारे जूते
तुम्हारी घड़ी
तुम्हारी टोपियाँ सब कहाँ खो गईं जो
खोजने पर भी नहीं मिलतीं।

जब तुम थे
तब घर कैसे भरा था तुम्हारी चीज़ों से
हर तरफ तुम होते या तुम्हारी चीज़ें होतीं....
कितने तो गमछे थे तुम्हारे
कितने कुर्ते
कितनी चुनदानियाँ
कितने सरौते...
पर खोजता हूँ तो कुछ भी नहीं मिलता घर में कहीं
जैसे किसी साजिश के तहत तुम्हारी चीज़ों को
मिटा दिया गया हो।

ले दे कर बस एक चीज़ बची है
जो लोगों को दिलाती है तुम्हारी याद
वो मैं हूँ... तुम्हारा
सबसे छोटा बेटा।
बोधिसत्व
About the poet

बोधिसत्व

View profile & all 88 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like