चिह्न बचे होंगे क्या?

बोधिसत्वबोधिसत्व11 Sept 1968

1 min read · 12.4K reads

याद आई वह लड़की

जिसकी अभिलाषा की थी कभी

याद आया सूत से बँधे

एक पेड़ के पैरों में जलता

निर्बल दिया

वे रातें

जिन्हें हम भुने आलू की तरह

ज़ेबों में भर कर

सो जाया करते थे

वे जगह-जगह जली हुई चटख रातें

धूल से भरी हमारी नींद

और वे तारे

जो गंगा के पानी में

ठिठुर कर जलते रहते थे... चुपचाप।

कहीं गवाँ आया हूँ

इन सबको।

अब तो ऐसा लगता है कि मेरे पास कभी कुछ था ही नहीं

ऐसे ही ख़ाली था घर पहले से

जी ऐसे ही फटा है।

गंगा से इतना विमुख हो चला हूँ

कि जैसे उससे

मेरा कोई नाता ही न हो,

उसका रास्ता तक भूल गया हूँ

जैसे उसके तट तक

मझधार तक जाना न होगा कभी।

और वह लड़की

जो मेरे लिए थी

स्लेट की तरह काली कोरी,

पड़ी होगी कहीं

किसी अँधेरे में या

विलुप्त हो चुके बस्ते की स्मृति में।

टूट कर उस पर

जो कुछ मैंने लिखा था

उसके चिह्न बचे होंगे क्या अब तक?

बोधिसत्व
About the poet

बोधिसत्व

View profile & all 88 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like